मास्को रेड स्क्वायर पर विजय दिवस परेड
द्वितीय विश्व युद्ध में सोवियत संघ के सामने जर्मनी की नाजी सेना के अंतिम आत्मसमर्पण करने के उपलक्ष्य में विजय दिवस मनाया जाता है।
समाचार एजेंसी आरआईए नोवास्ती के अनुसार परेड सुबह 10 बजे शुरू हुई जिसका नेतृत्व मास्को के सैन्य जिला कमांडर कर्नल जनरल वालेरी गेरासीमोव ने किया।
रूस के राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव ने परेड की शुरुआत में उपस्थित लोगों और अतिथियों को संबोधित किया।
मेदवेदेव ने कहा, "इस युद्ध ने हमें एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित किया था। हमने केवल एक साधारण सैन्य विजय ही हासिल नहीं की थी बल्कि हमें नैतिक विजय भी प्राप्त हुई थी।"
परेड में पहली बार रूसी सेना के साथ अमेरिकी, ब्रिटिश, पोलिश और फ्रांसीसी सैनिकों ने हिस्सा लिया।
वैश्विक खतरों और नई चुनौतियों का सामना करने व द्वितीय विश्व युद्ध जैसी त्रासदियों से बचाव के लिए रूसी राष्ट्रपति ने संयुक्त अंतर्राष्ट्रीय प्रयासों का आग्रह किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।