उत्तर भारत में बारिश से मौसम खुशगवार (राउंडअप)
उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू एवं कश्मीर, झारखण्ड, बिहार में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। उत्तर भारत के कई इलाकों में आगामी 24 घंटों के दौरान ओलावृष्टि और गरज के साथ बारिश की संभावना बरकरार है।
पिछले 24 घंटों के दौरान देश का सबसे गर्म स्थान महाराष्ट्र का चंद्रपुर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
देश के चार महानगरों दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में शुक्रवार को अधिकतम तापमान क्रमश: 35.5, 34, 31.9 और 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
हिमाचल प्रदेश को लू की गंभीर स्थिति से राहत मिली है। उड़ीसा, झारखण्ड और उत्तर पूर्व के मैदानी हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस कम है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चण्डीगढ़ और राजस्थान के कुछ इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान धूल भरी आंधी, ओलावृष्टि और गरज के साथ बारिश की संभावना जताते हुए चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अगले दो-तीन दिनों में पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और पश्चिमोत्तर भारत प्रभावित होगा।
दिल्ली में शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में शुक्रवार को हल्की बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में शुक्रवार सुबह हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। लखनऊ, वाराणसी, रायबरेली, सुल्तानपुर, बहराइच, गोरखपुर, प्रतापगढ़ सहित कई जिलों में शुक्रवार सुबह गरज से साथ तेज बारिश हुई।
मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक वाराणसी में सर्वाधिक 48.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद सुल्तानपुर में 31 और गोरखपुर में 10.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। पिछले कुछ दिनों से हो रही हल्की बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के पूर्वी हिस्से में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है, जबकि बुंदेलखंड में बारिश की संभावना से इंकार किया।
हल्की बारिश के चलते अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे गर्म स्थान झांसी रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार के अधिकांश इलाकों में शुक्रवार सुबह बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान पटना का अधिकतम तापमान 36़ 3 डिग्री सेल्सियस, गया का 37़ 0, भागलुपर का 36़ 4 और पूर्णिया का 33़ 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने शुक्रवार को बताया कि अगले 24 घंटों में पटना सहित राज्य के कई इलाकों में तेज हवा चलेगी और कुछ हिस्सों में बारिश भी हो सकती है।
मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। कई इलाकों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। भोपाल में अधिकतम तापमान 41.3, इंदौर में 41, ग्वालियर में 41.3 और जबलपुर में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे लेकिन इससे गर्मी से निजात मिलने की संभावना नहीं है।
पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, त्रिपुरा और मिजोरम में गरज के साथ छिटपुट बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखण्ड और उड़ीसा में भी गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
उधर, तमिलनाडु, कर्नाटक के तटीय भागों, केरल, लक्ष्यद्वीप और अंडमान एवं द्वीप समूह में हल्की बारिश की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड और जम्मू एवं कश्मीर में आगामी 24 घंटों में बौछारे पड़ने की संभावना है।
देश के मध्य, पूर्व और उत्तर पश्चिम के मैदानी भागों में अधिकतम तापमान में कोई बदलाव आने
की उम्मीद नहीं हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications