हमले की चेतावनी के बाद दिल्ली में सुरक्षा कड़ी (राउंडअप)

अमेरिका सहित तीन अन्य देशों ने दिल्ली में आतंकी हमले की आशंका जाहिर करते हुए अपने देश के नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की है। इसके मद्देनजर गुड़गांव में भी सुरक्षा इंतजाम बढ़ा दिए गए हैं।

दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने आईएएनएस से कहा, "दिल्ली पुलिस केवल बाजारों और मॉल पर ध्यान केंद्रित नहीं कर रही है बल्कि भीड़भाड़ वाले इलाकों पर भी उसकी पैनी नजर है।"

भगत ने कहा, "कनॉट प्लेस, सरोजनी नगर, महरौली, करोलबाग और चांदनी चौक में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तौनात किया गया है। शहर के सभी मॉल को सतर्क कर दिया गया है। "

भगत ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी प्रकार की संदेहास्पद चीज देखने पर इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन को देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग टोल फ्री नंबर 1090 पर भी फोन कर सकते हैं।

कनॉट प्लेस स्थित सेंचोज मेक्सिकन रेस्तरां के सहायक प्रबंधक अनिल कुमार ने कहा कि शनिवार को जारी चेतावनी के बाद से ग्राहकों की संख्या में 50 प्रतिशत की गिरावट आई है।

दक्षिणी दिल्ली स्थित सरोजिनी नगर बाजार में भी नजारा बदला हुआ था। यहां चारो ओर सुरक्षाकर्मी फैले थे।

सरोजिनी नगर बाजार एसोसिएशन के एक सदस्य अशोक रंधावा ने कहा कि ग्राहकों की संख्या में भारी गिरावट आई है। रविवार को भी बाजार सूना है। केवल बड़ी संख्या में पुलिसवाले हैं।

करोल बाग और लाजपतनगर बाजारों में भी सुरक्षा कड़ी की गई।

आतंकवादी हमलों की चेतावनी के बाद राजधानी से सटे गुड़गांव में भी सुरक्षा बढ़ाई गई।

गुड़गांव पुलिस आयुक्त एस. एस. देसवाल ने रविवार को आईएएनएस से बताया, "हमें आतंकवादी हमले को लेकर गृह मंत्रालय की ओर से सतर्कता सलाह नहीं मिली है लेकिन इसके बावजूद शहर के संवेदनशील जगहों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।"

देसवाल ने कहा, "हमारी सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही दुरुस्त है और इसे लेकर हम समय-समय पर अभ्यास भी करते रहते हैं। हम अमेरिकी चेतावनी से अवगत हैं। हमें सीमा पर सुरक्षा और जांच कड़ी कर दी हैं।"

दिल्ली से लगे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सुरक्षा कड़ी करने के साथ ही सीमा चौकियों पर कड़ी सतर्कता बरती जा रही है।

गाजियाबाद के एक निवासी कमल अरोड़ा ने कहा कि महत्वपूर्ण स्थानों, अंतरराज्यीय सीमा चौकियों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में पुलिस की उपस्थिति बढ़ गई है।

अमेरिका के अलावा आस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और कनाडा ने शनिवार को राजधानी के भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संभावित आतंकी हमले को लेकर अपने नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की थी। इसे देखते हुए सरकार ने सुरक्षा निगरानी बढ़ा दी और लोगों को सुरक्षा के लिए आगाह किया है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+