न्यूयार्क के टाइम्स स्क्वॉयर में कार बम बरामद (लीड-3)
समाचार एजेंसी डीपीए ने पुलिस अधिकारियों के हवाले से बताया कि कार से बम बरामद हुआ है। इसमें एक प्रोपेन गैस सिलेंडर, दो गैस कैन, वायरिंग और बैटरियां बरामद हुई हैं। बहरहाल यह सही तरीके से विस्फोट करने में सफल नहीं हुआ।
टाइम्स स्क्वायर न्यूयार्क का सबसे व्यस्त बाजार और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है। शनिवार रात में हजारों लोग आमतौर पर यहां उपस्थित रहते हैं।
न्यूयार्क के मेयर माइकल ब्लूमबर्ग ने कहा, "हम बहुत भाग्यशाली रहे। हम बहुत बड़े जानलेवा हादसे से बच गए।"
अधिकारियों ने कहा कि वे इस मामले को आतंकवादी खतरा नहीं मानते।
अमेरिकी समाचार पत्र 'द न्यूयार्क टाइम्स' ने विशेषज्ञों के हवाले से बताया कि कार में प्रोपेन सिलेंडर और पाउडर का इस्तेमाल करते हुए विस्फोटक यंत्र स्थापित किया गया था।
न्यूयार्क पुलिस के बम निरोधक दस्ते के पूर्व पर्यवेक्षक केविन बैरी ने कहा कि यदि उपकरण काम करता तो यह विस्फोटक के स्थान पर आग लगाने वाला अधिक होता।
एक अधिकारी ने कहा कि पुलिस के बम निरोधक दस्ते ने मामले की जांच की है। टाइम्स स्क्वॉयर में एक पुलिस अधिकारी ने शाम लगभग 6.30 बजे निशान पाथफाइंडर कार में धुंआ उठते देखा, जिसके बाद उसके पिछले हिस्से से संदिग्ध पैकेट बरामद किया गया।
इस घटना के बाद टाइम्स स्क्वॉयर के पश्चिमी 44 और 47 स्ट्रीट को बंद कर दिया गया था और पुलिसकर्मियों को सतर्क कर दिया गया था।
आरंभिक खबरों में कहा गया था कि वाहन के पास से एक व्यक्ति को भागते हुए देखा गया था लेकिन न्यूयार्क के पुलिस आयुक्त रे केली ने इससे इंकार किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications