माधुरी गुप्ता न्यायिक हिरासत में

पाकिस्तान ख़ुफ़िया एजेंसी को संवेदनशील सूचनाएँ देने के आरोप में गिरफ़्तार की गईं राजनयिक माधुरी गुप्ता को दिल्ली की अदालत के सामने पेश किया गया है.
अदालत ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
माधुरी गुप्ता भारतीय विदेश सेवा की ग्रुप-बी अधिकारी की तरह पाकिस्तान स्थित भारतीय उच्चायोग में पदस्थ थीं.
उन्हें 23 अप्रैल को शासकीय गोपनीयता क़ानून का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ़्तार किया गया था.
53 वर्षीय माधुरी गुप्ता प्रेस एवं सूचना विभाग में सेकेंड सेक्रेटरी की तरह काम कर रही थीं. उन पर आरोप हैं कि उन्होंने पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान में भारतीय गतिविधियों से जुड़ी बहुत सी संवेदनशील जानकारियाँ पाकिस्तान की ख़ुफ़िया एजेंसी के लोगों को दीं.
शनिवार को दिल्ली की तीस हज़ारी अदालत में उन्हें पेश किया गया तो पुलिस ने अदालत से अनुरोध किया कि उन्हें पूछताछ के लिए दो और दिनों के लिए पुलिस हिरासत में दिया जाए, लेकिन अदालत ने इससे इनकार कर दिया.
अदालत ने माधुरी गुप्ता को 15 मई तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा है.
भारतीय विदेश विभाग इस बात की जाँच कर रहा है कि माधुरी गुप्ता ने जो जानकारियाँ पाकिस्तान की ख़ुफ़िया एजेंसी को दी हैं उनमें क्या-क्या था और वे कितनी संवेदनशील थीं.












Click it and Unblock the Notifications