बीएसफ के जवानों ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम की (लीड-2)
अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार रात 11 बजे जम्मू से 45 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में सांबा सेक्टर की बलाद चौकी पर पाकिस्तानी रेंजरों ने गोलाबारी आरंभ कर दी। इसके बाद बीएसएफ के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की।
बीएसएफ के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "यह आतंकवादियों का भारत में घुसपैठ का प्रयास था। गोलाबारी करीब 90 मिनट तक चली। बीएसएफ को घुसपैठ की कोशिश नाकाम करने में कामयाबी हासिल हुई।"
बीएसएफ के इंस्पेक्टर जनरल (जम्मू फ्रंटियर) ए. के. सुरोलिया ने आईएएनएस से कहा, "हमें घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने में सफलता मिली है, हमने आतंकियों को सीमा पर लगी तारों की बाड़ के करीब नहीं आने दिया।"
बीएसएफ अब तक एहतियात के तौर पर क्षेत्र में खोजी कुत्तों के जरिए पैर के निशान तलाश रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं कोई घुसपैठिया सीमा में दाखिल होने में सफल तो नहीं हो गया।
बीएसएफ ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है। सीमा पर निगरानी के लिए सुरक्षा बलों की संख्या भी बढ़ा दी गई है।
बीएसएफ के एक अधिकारी ने आईएएनएस से फोन पर बातचीत में कहा कि, "हम सतर्क हैं, लेकिन यह हमेशा बेहतर होता है कि हम अतिरिक्त सतर्क रहें।"
तकरीबन पखवाड़ा भर पहले जम्मू एवं कश्मीर के कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में दो आतंकी घुसपैठ में सफल हो गए थे। बाद में वे दोनों पंजाब के गुरदासपुर जिले में पंजाब पुलिस की कार्रवाई में मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications