नेपाल में माओवादियों का विरोध प्रदर्शन
काठमांडू, 1 मई (आईएएनएस)। नेपाल में विपक्षी माओवादी पार्टी के हजारों समर्थक मई दिवस के अवसर पर राजधानी काठमांडू में इकट्ठा हुए। पूर्व माओवादी छापामारों ने शनिवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान किया है।
माओवादियों के विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया है। काठमांडू में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 15,000 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल स्थानीय समयानुसार शाम छह बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। काठमांडू स्थित रत्ना पार्क में बड़ी संख्या में माओवादी समर्थक इकट्ठा हो रहे हैं।
माओवादी देश में नई सरकार की गठन की मांग कर रहे हैं। माओवादियों की हड़ताल की वजह से शनिवार को काठमांडू में सभी व्यापारिक और शैक्षणिक प्रतिष्ठान बंद रहे। बंद का असर यातायात सेवा पर भी देखा गया।
प्रधानमंत्री ने संयुक्त राष्ट्र के सहायक महासचिव अजय छिब्बर और कैरेन लैंडग्रेन से मुलाकात की। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों से कहा है कि उन्हें इस बात की आशंका है कि मई दिवस पर माओवादी हिंसक घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं।
उधर, माओवादियों का कहना है कि सरकार उनके खिलाफ गलत प्रचार कर रही है। माओवादी पार्टी के उपाध्यक्ष बाबूराम भट्टाराई ने कहा, "हम शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करेंगे।"
माओवादी पार्टी के प्रमुख पुष्प कमल दहाल प्रचंड ने कहा कि संसद में सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते उन्हें सरकार बनाने की अनुमति मिलनी चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications