अजमेर शरीफ विस्फोट मामले में एक और गिरफ्तारी (लीड-1)
राजस्थान पुलिस के आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले से शुक्रवार को चंद्रशेखर नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एटीएस ने विस्फोट मामले में बुधवार को अजमेर से देवेंद्र गुप्ता नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया था।
गौरतलब है कि 11 अक्टूबर 2007 को ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में हुए विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई थी और 30 घायल हो गए थे। दरगाह में जियारत के लिए देश-विदेश से हजारों जायरीन आते हैं।
एटीएस के वरिष्ठ अधिकारी कपिल गर्ग ने बताया कि चंद्रशेखर को मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के छापड़ी कस्बे से गिरफ्तार किया गया। उसे शनिवार को अजमेर की अदालत में पेश किया जाएगा।
एटीएस के अनुसार दरगाह में विस्फोट को अंजाम देने के लिए चंद्रशेखर को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई थी। चंद्रशेखर जिस संगठन का सदस्य है उसका खुलासा नहीं हुआ है ऐसा माना जा रहा है कि वह 'अभिनव भारत' नामक संगठन का सदस्य है।
सूत्रों के मुताबिक एटीएस टीम ने दरगाह में विस्फोट के लिए उपयोग किए गए मोबाइल फोन को भी बरामद कर लिया है।
विस्फोट मामले में मामले में पहले गिरफ्तार देवेंद्र को शुक्रवार को अजमेर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने12 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications