भाजपा नेताओं से मुलाकात करेंगे शिबू सोरेन
सोरेन के साथ ऑल झारखण्ड स्टुडेंट्स यूनियन के अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो भी दिल्ली आ रहे हैं। महतो से जब यह पूछा गया कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, तो उन्होंने कहा, "दिल्ली में होने वाली बैठक में हम फैसला करेंगे। हम भाजपा नेताओं से मुलाकात करेंगे और राज्य में राजनीतिक गतिरोध खत्म करने की कोशिश करेंगे।"
भाजपा ने भी राज्य इकाई के अपने नेताओं को दिल्ली तलब किया है। उप मुख्यमंत्री और झारखण्ड में भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रघुबर दास शुक्रवार शाम ही दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे।
झामुमो अध्यक्ष और मुख्यमंत्री शिबू सोरेन द्वारा संसद में कटौती प्रस्ताव पर संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के पक्ष में मतदान करने पर भाजपा ने राज्य सरकार से समर्थन वापसी की धमकी दी थी।
उसके बाद संप्रग सरकार के पक्ष में मतदान करने पर सोरेन द्वारा खेद जताए जाने के बाद भाजपा ने समर्थन वापसी का फैसला रोक लिया।
उधर, भाजपा के साथ रहने को लेकर झामुमो एकमत नहीं है। झामुमो विधायक टेकलाल महतो ने कहा कि वह संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मुलाकात करेंगे।
महतो ने कहा, "गुरुजी (शिबू सोरेन) ने संप्रग सरकार के पक्ष में मतदान किया था और मैं सरकार गठन को लेकर सोनिया गांधी सहित अन्य संप्रग नेताओं से मुलाकात करूंगा। "
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*