बुंदेलखंड पैकेज का 6 जिलों में बंटवारा
भारत सरकार के योजना आयोग की सचिव सुधा पिल्लई की अध्यक्षता में बुंदेलखंड पैकेज को लेकर सोमवार को सभी छह जिलों सागर, छतरपुर, दमोह, टीकमगढ़, पन्ना और दतिया जिले के कलेक्टरों एवं मुख्यकार्यपालन अधिकारियों की बैठक में क्षेत्र विकास पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि यह राशि इस क्षेत्र के समग्र विकास और आम नागरिक के जीवन में स्थाई सुधार लाने के लिए दी गई है। स्वीकृत राशि का दो वर्षो में उपयोग किया जाना है।
बुंदेलखंड पैकेज में स्वीकृत राशि में से 1250 करोड़ जल प्रबंधन, 1118 करोड़ जल संसाधन के कार्यो, 845 करोड़ कृषि कार्यो, 95 करोड़ पशु संवर्धन के कार्य, 26 करोड़ उद्यानिकी व 242 करोड़ वन कार्यो पर खर्च किए जाने हैं।
बुंदेलखंड पैकेज में जिले वार स्थिति देखें तो पता चलता है कि सागर जिले में 840.54 करोड़, दमोह जिले में 619.12 करोड, पन्ना जिले में 414.91 करोड़, छतरपुर जिले में 918.22 करोड़, टीकमगढ़ जिले में 503.12 करोड़ और दतिया जिले में 331.89 करोड़ रुपए के विकास कार्य कराए जाने हैं।
वहीं प्रदेश के कृषि मंत्री रामकृष्ण कुसमारिया ने स्वीकृत राशि के बंटवारे पर नाराजगी जताई है उन्होंने कहा है कि स्वीकृत राशि में कृषि और बेतवा-लिंक नदी परियोजना सहित अन्य योजनाओं को कोई महत्व नहीं दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।