राजस्थान की राज्यपाल का निधन
राव दिल्ली स्थित जोधपुर हाउस में सुबह करीब 11 बजे शौचालय में फिसलकर गिर गईं, जिसके बाद उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पहुंचाया गया। राजस्थान सरकार के संयुक्त निदेशक (सूचना) जी.एन.भट ने बताया कि एम्स में चिकित्सकों ने 12.30 बजे राव को मृत घोषित कर दिया।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कैबिनेट की बैठक में राव के निधन पर शोक व्यक्त किया। उसके बाद वह दिल्ली रवाना हो गए। राज्य सरकार ने सोमवार को आधे दिन का अवकाश और सात दिन का राजकीय शोक घोषित किया। राव ने 25 जनवरी 2010 को राजस्थान के राज्यपाल का पदभार संभाला था। उनका जन्म चार मार्च 1935 को मध्य प्रदेश के खंडवा में हुआ था। स्वतंत्रता सेनानी के परिवार से संबंध रखने वाली राव बहुमुखी प्रतिभा की धनी थीं।
राव ने राजनीतिक विज्ञान में स्नातकोत्तर के अलावा भारतीय शास्त्रीय संगीत में स्नातकोत्तर डिप्लोमा किया था। उनके पति एस. आनंद राव की पहले ही मौत हो चुकी है। उनकी दो बेटियां संयोगिता कमलेश मोरारजी और चारूलता सिंह हैं। राव वर्ष 1993-1995 तक महाराष्ट्र महिला आयोग की अध्यक्ष रहीं। इसके अलावा उन्होंने महाराष्ट्र सरकार में वित्त, सहकारिता, पर्यटन, शिक्षा, खेल-कूद आदि विभागों को भी संभाला। वह वर्ष 1999 में लोकसभा के लिए चुनी गईं।
राव को 19 जुलाई 2008 को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। उन्होंने 25 जनवरी 2010 को राजस्थान के राज्यपाल का पदभार संभाला था।