रूस में अमेरिकी कंपनी के शिशु आहार पर प्रतिबंध
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार उपभोक्ता अधिकार निगरानी संस्था रोस्पोट्रेब्नाद्जोर ने अमेरिका की बड़ी शिशु आहार उत्पादक कंपनियों में से एक गेरबर के चार प्रकार के पोल्ट्री उत्पादों के रूस में आयात पर प्रतिबंध लगा दिया है।
रूस ने नए खाद्य सुरक्षा नियम लागू किए हैं, इसके अनुसार पोल्ट्री उत्पादों के प्रसंस्करण में क्लोरीन के उपयोग की सीमा तय की गई है।
संस्था के प्रमुख गेन्नादी ओनिशचेंको ने कहा कि नए नियमों के एक जनवरी से लागू होने के बावजूद गेरबर प्रोडक्ट्स कंपनी ने अपनी प्रौद्योगिकी में कोई बदलाव नहीं किया।
रूस के नए नियम आयात और देश के अंदर ही मांस प्रसंस्करण दोनों पर ही लागू हैं।
गेरबर प्रोडक्ट्स नेस्ले कंपनी का एक हिस्सा है, जिसका वार्षिक कारोबार एक अरब डॉलर है।
इससे पहले रूस ने नेस्ले की फिनलैंड शाखा के शिशु आहार के आयात को प्रतिबंधित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।