84 के दंगों की शुरूआत कांग्रेस सरकार ने नहीं की: गडकरी
ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशेन(बीबीसी) को दिए एक साक्षात्कार में गडकरी ने कहा, "उस दंगे में कुछ लोग जरूर शामिल हो सकते हैं लेकिन मैं कहूं कि उन दंगों की शुरुआत सरकार ने की, तो वो बात पूरी तरह ठीक नहीं होगी।"
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दंगे चाहे गुजरात के हों, मुंबई के हों या फिर दिल्ली के सिख विरोधी दंगे, ये सभी आम लोगों की दुर्भाग्यपूर्ण प्रतिक्रिया होती है।
गुजरात में 2002 में हुए दंगों पर पूछे गए सवाल पर गडकरी ने कहा, "गुजरात दंगे दुर्भाग्यपूर्ण थे लेकिन जब अन्य राज्यों में दंगे होते हैं तो वहां की सरकार और मुख्यमंत्रियों पर आरोप क्यों नहीं लगाया जाता? जिस प्रकार मोदी और भाजपा को घेरा जा रहा है, वैसे ही कांग्रेस शासित राज्यों में दंगे होने पर वहां के मुख्यमंत्रियों को क्यों नहीं घेरा जाता?"
गडकरी ने कहा, "आज तक हिंदुस्तान के इतिहास में दंगे सिर्फ गुजरात में ही हुए हैं क्या? उससे बड़े दंगे मुंबई में 1992 में हुए.. वहां के मुख्यमंत्री पर एसआईटी क्यों नहीं बैठी?"
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा मुस्लिम विरोधी नहीं है। उन्होंने कहा, "यदि हमारी पार्टी मुस्लिमों के खिलाफ होती तो हम क्यों डॉक्टर अब्दुल कलाम को राष्ट्रपति के लिए नामित करते?"
गडकरी से जब यह पूछा गया कि क्या मुस्लिम समुदाय गुजरात दंगों और बाबरी मस्जिद विध्वंस की घटना को भुला देगी, तो उन्होंने कहा, "मीडिया का एक वर्ग है जो बार-बार भाजपा के बारे में गलत लिखता और बोलता रहता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।