राजस्थान की राज्यपाल का निधन (लीड-1)
नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। राजस्थान की राज्यपाल प्रभा राव का नई दिल्ली के जोधपुर हाउस अतिथिगृह में फिसलकर गिरने के बाद सोमवार को निधन हो गया। वह 74 वर्ष की थीं।
महाराष्ट्र की पूर्व मंत्री राव की दो पुत्रियां हैं।
अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल सुबह 11 बजे के करीब शौचालय में फिसल कर गिर गईं और उनको अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों करीब 12.30 बजे दोपहर उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों के अनुसार राव जब काफी देर तक बाहर नहीं आईं तो उनकी सहायक ने दरवाजा खटखटाया और उनको फर्श पर गिरा पाया। उनको 11.00 बजे के करीब एम्स पहुंचाया गया।
राजस्थान सरकार के संयुक्त निदेशक (सूचना) जी.एन.भट ने बताया कि 12.30 बजे चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
राव ने 25 जनवरी 2010 को राजस्थान के राज्यपाल का पदभार संभाला था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*