देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश की संभावना (लीड-1)
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के मैदानी हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा।
तापमान में गिरावट आने के अनुमान के बीच हालांकि दिल्ली के बाशिंदों को गर्मी से मामूली राहत मिल सकती है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले सप्ताह दिल्ली का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था लेकिन इस सप्ताह गर्मी से मामूली राहत मिलने के आसार हैं। आसमान साफ रहेगा। बारिश की भी कोई संभावना नहीं है लेकिन अगले एक-दो दिनों के भीतर तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है।
राजधानी में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक था। शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस था जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक था।
उधर, उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में भारी वृद्धि दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घटों के दौरान वाराणसी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घटों के दौरान झांसी का अधिकतम तापमान 42.9, गोरखपुर 41.3, इलाहाबाद 41.8 कानपुर 41, आगरा 41.8 और लखनऊ का 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग के निदेशक जे.पी.गुप्ता ने रविवार को संवाददाताओं बताया कि आने वाले दिनों में गर्मी से राहत की संभावना नहीं के बराबर है।
मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया।
भोपाल स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में भारी वृद्धि दर्ज की जा रही है। विभाग का कहना है कि यह हाल आने वाले कई दिनों तक रहेगा।
विभाग के मुताबिक प्रदेश में आने वाले दिनों में लू का असर कुछ कम होगा लेकिन लोगों को तपिश से निजात नहीं मिलेगी।
मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि पंजाब और हरियाणा में धूल भरी आंधी आ सकती है और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। शनिवार को चण्डीगढ़ का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में मूसलाधार बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इसके अलावा नागालैण्ड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में छिटपुट बारिश की संभावना है। उत्तराखण्ड में अगले 24 घंटों के दौरान तथा हिमाचल प्रदेश और जम्मू एवं कश्मीर में अगले 48 घंटे के दौरान बारिश का अनुमान है।
हिमालय से लगे पश्चिम बंगाल के क्षेत्रों, सिक्किम, केरल और तटीय कर्नाटक में छिटपुट बारिश हो सकती है जबकि झारखण्ड, गंगा तटीय पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, लक्षद्वीप, तमिलनाडु और अंडमान एवं नीकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश हो सकती है। कर्नाटक के दूरवर्ती हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान पहले छिटपुट बारिश तथा बाद में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications