भारतीय एनजीओ का इराक में विकलांगों के लिए शिविर
जयपुर, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। विकलांगों को कृत्रिम अंग मुहैया कराने वाले जयपुर के एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) ने इराक की राजधानी बगदाद में विकलांगों के लिए एक महीने का शिविर आयोजित किया।
भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति (बीएमवीएसएस) ने इस दौरान 882 लोगों को कृत्रिम अंग मुहैया कराए जिनमें 75 लोगों को नि:शुल्क बैसाखी और 42 लोगों को दोनों पैरों के कृत्रिम अंग प्रदान किए गए।
बीएमवीएसएस के संस्थापक और प्रमुख डॉ. आर. मेहता के नेतृत्व में 22 सदस्यों की टीम इराक गई थी जिसमें पाकिस्तान के भी दो सदस्य शामिल थे। संस्था पाकिस्तान में भी एक पुनर्वास केंद्र संचालित करती है।
बगदाद की एक धर्मार्थ संस्था अब्दुल हादी चलाबी फाउंडेशन के साथ मिलकर भारतीय एनजीओ ने यह शिविर स्थापित किया था।
मेहता ने बताया कि इराक में युद्ध, आतंकवादी हमलों और सड़क दुर्घटनाओं में करीब 50,000 लोग अपने शरीर के विभिन्न अंग गवां चुके हैं।
उन्होंने बताया कि ज्यादा से ज्यादा विकलांगों की मदद के लिए चलाबी फाउंडेशन इस तरह के शिविर को पूरे साल चलाने का इच्छुक है।
मेहता ने बताया, "हमने उन्हें सुझाव दिया है कि हमारे जयपुर स्थित केंद्र में प्रशिक्षण के लिए उन्हें इराक से कुछ लोगों को भेजना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications