उड़ीसा में शिकारियों ने फिर बनाया हाथी को निशाना
भुवनेश्वर से 300 किलोमीटर दूर वनक्षेत्र के रामपुर इलाके में हाथियों की गणना के दौरान रविवार को यह हाथी मृत अवस्था में पाया गया।
वन सुरक्षाकर्मी प्रफुल्ल कुमार साहू ने बताया कि हाथी का शव पानी के स्रोत के निकट पाया गया। उसे दो गोलियां मारी गई थी और धारदार हथियार का प्रयोग कर उसके दांत निकाल लिए गए थे।
क्षेत्रीय अधिकारी टंकाधर बेहरा ने बताया कि इस सिलसिले में एक मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच आरंभ कर दी है।
उल्लेखनीय है कि राज्य के वन्यजीव विभाग ने गुरुवार को एक सर्वे प्रारंभ किया था जिसके तहत हाथियों की गणना की जा रही है।
वर्ष 2007 की गणना के मुताबिक उड़ीसा में 1,862 हाथी थे। सरकार की एक रिपोर्ट के मुताबिक पिछले छह साल के दौरान 300 से अधिक हाथियों की हत्या हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications