नेपाल में माओवादियों के बंद से स्कूल बंद
काठमांडू, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। राजनीतिक पार्टियों के बंद से नेपाल के छात्रों को होने वाले भारी नुकसान पर संयुक्त राष्ट्र द्वारा हाल ही में चिंता जताए जाने के बाद माओवादी पार्टी ने बढ़ी हुई फीस की वापसी की मांग को लेकर देश के सभी स्कूलों में रविवार को हड़ताल शुरू की।
माओवादी पार्टी की छात्र शाखा ऑल नेपाल नेशनल इंडिपेंडेंट स्टूडेंट्स यूनियन ने जबरदस्ती 8,000 स्कूलों को बंद करा दिया, इससे 15 लाख छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है।
हड़ताल से नेपाल में भारतीयों और मिशनरियों द्वारा संचालित स्कूल भी प्रभावित हुए हैं।
शिक्षा सत्र की शुरुआत में स्कूलों ने शिक्षा मंत्रालय से सलाह के बाद फीस में 15 से 25 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की थी।
फीस वापसी की मांग को लेकर माओवादी छात्र संगठन ने स्कूलों के प्रशासकों का विरोध शुरू किया और शुक्रवार को करीब एक दर्जन स्कूल बसों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
नेपाल के निजी और बोर्डिग स्कूलों के संगठन ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में कमी के चलते स्कूलों को बंद किया गया है।
छात्र संगठन का कहना है कि बढ़ी हुई फीस वापस लिए बिना स्कूलों को खुलने नहीं दिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications