रूस से वर्ष 2010 में पूंजी का बाहर जाना शून्य होगा
वाशिंगटन, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। रूस के विदेश मंत्री अलेक्सी कुद्रिन ने कहा है कि रूस से पूंजी के बाहर जाने की गति में गिरावट होगी और वर्ष 2010 में यह शून्य हो सकता है क्योंकि तेल की ऊंची कीमतों के कारण देश की अर्थव्यवस्था में सुधार हो रहा है।
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और विश्व बैंक की ग्रीष्मकालीन बैठक में हिस्सा लेने वाशिंगटन गए रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे कुद्रिन ने कहा, "पूंजी के बाहर जाने की रफ्तार कम हो रही है। यह तेल की कीमतों सहित दुनिया के बाजारों पर निर्भर है।"
कुद्रिन ने कहा कि पूंजी का विदेशों को प्रवाह शून्य से 20 अरब डॉलर के बीच हो सकता है।
रूस के केंद्रीय बैंक का अनुमान है कि वर्ष 2010 में बाहर जाने वाली पूंजी 10 से 25 अरब डॉलर के बीच होगी। वर्ष 2011 में रूस में 10 अरब डॉलर की विदेशी पूंजी आने का अनुमान है।
पिछले वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही के 35 अरब डॉलर की पूंजी के बाहर जाने की तुलना में इस वर्ष की पहली तिमाही में रूस से केवल 12.9 अरब डॉलर की पूंजी बाहर गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
