सुखोई विमानों को ब्रह्मोस मिसाइल से लैस करेगा भारत
कुआलालंपुर, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय वायु सेना रूस में निर्मित 40 सुखोई लड़ाकू विमानों को ब्रह्मोस मिसाइल से लैस करेगी। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी।
डिफेंस सर्विसिज एशिया (डीएसए)-2010 प्रदर्शनी के दौरान बुधवार को ब्रह्मोस एयरोस्पेस के प्रमुख सिवाथानू पिल्लै ने कहा, "मिसाइलों से लैस हो जाने के बाद भारत के एसयू-30 एमकेआई फ्लैंकर-एच लड़ाकू विमानों का बेड़ा निश्चित रूप से अनूठा हो जाएगा।"
उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस का प्रथम 'एयर-लांच्ड मिसाइल' का पहला परीक्षण 2011 में होना तय है जबकि लड़ाकू विमान के साथ मिसाइल का पहला परीक्षण वर्ष 2012 के आखिर में होगा।
ब्रह्मोस मिसाइल की मारक क्षमता 290 किलोमीटर है और यह 300 किलोग्राम मुखास्त्र वहन करने की क्षमता रखती है।
भारतीय-रूसी संयुक्त उद्यम ब्रह्मोस एयरोस्पेस की स्थापना 1998 में हुई थी। इसके द्वारा निर्मित ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल का समुद्र और जमीन में मार करने का सफलता पूर्वक परीक्षण हो चुका है। इसे सेना और नौसेना के बेड़े में शामिल किया जा चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications