यूरोपीय देशों में उड़ानों पर रोक जारी
समाचार एजेंसी डीपीए ने यूरोपीय हवाई यातायात सुरक्षा इकाई, 'यूरोकंट्रोल' के हवाले से बताया है कि रोमानिया, यूक्रेन और उत्तरी इटली में उड़ानों को प्रतिबंधित कर दिया गया है। ब्रिटिश द्वीपों, उत्तरी और मध्य यूरोप में हवाई यातायात पहले से ठप है।
रेकजाविक के मौसम विज्ञान संस्थान ने बताया है कि आइसलैण्ड के दक्षिणी हिस्से में शनिवार सुबह भी स्थिति में कोई बदलाव नहीं देख गया।
मौसम विभाग के मुताबिक हवाओं का रुख दक्षिण की ओर बना हुआ है। इसका मतलब है कि पूरे यूरोप के ऊपर राख का कहर जारी रहेगा।
'यूरोकंट्रोल' ने कहा है कि राख से भरे बादल का प्रसार दक्षिण की ओर हो रहा है। लेकिन उत्तर में लिथुआनिया, लातविया व बेलारूस और दक्षिण यूरोप के स्पेन, दक्षिण के बाल्कन इलाके, दक्षिण इटली, ग्रीक और तुर्की इससे अप्रभावित हैं।
सुरक्षा दल ने कहा है कि शनिवार को 22,000 हवाई उड़ानों में से केवल 6,000 उड़ानों के सामान्य तरीके से उड़ान भरने और उतरने की संभावना है।
'यूरोकंट्रोल' ने चेतावनी जारी करते हुए कहा, "आसमान में अभी राख के बने रहने की आशंका जाहिर की जा रही है और इसका असर अगले 24 घंटों तक बने रहने के आसार हैं।"
ब्रिटेन ने अपनी हवाई उड़ानें रद्द कर दी है और जर्मनी ने शनिवार को अपने 16 अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डों को बंद रखा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications