भारत उदय के प्रति दुनिया का रवैया उदार : मनमोहन (लीड-1)
एयर इंडिया के विशेष विमान से, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शनिवार को कहा कि चीन के उदय के विपरीत पूरा विश्व भारत के उदय के प्रति उदार नजरिया रखता है और भारत को इसका लाभ उठाना चाहिए।
अमेरिका और ब्राजील की आठ दिवसीय यात्रा से लौटते हुए विशेष विमान एयर इंडिया वन में प्रधानमंत्री ने पत्रकारों से चर्चा में कहा, "पूरा विश्व भारत के प्रति उदार दृष्टिकोण रखता है। वे हमारी सफलता चाहते हैं।"
दरअसल, प्रधानमंत्री से यह पूछा गया था कि आठ दिनों की विदेश यात्रा के दौरान उनकी विश्व के 50 से अधिक देशों के शीर्ष नेताओं से मुलाकात हुई। ऐसे में उन्हें क्या लगा कि भारत के बारे में विश्व के देशों की क्या अवधारणा है।
उन्होंने कहा, "चीन के उदय के विपरीत भारत के उदय से विश्व के देशों की कोई आशंका नहीं है। यह उदार माहौल अधिक समय तक नहीं बने रह सकता। हमें इसका लाभ लेना चाहिए।"
प्रधानमंत्री ने हालांकि कहा, "हमारी समस्याएं हमारे घर में ही है। हमें मिलजुलकर इनका सामना करना है। हमें गरीबी, अज्ञान और रोगों को समाप्त करने के लिए काम करने की आवश्यकता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।