मोदी और थरूर के 'ट्विटर प्रेम' पर विवाद का असर
हर दिन कई बार ट्वीट करने वाले ये दोनों व्यक्ति इन दिनों ट्विटर पर टिप्पणी करने से परहेज कर रहे हैं। मोदी आईपीएल के तीसरे संस्करण की मशगूलियत के बीच रोजाना ट्वीट करते थे पंरतु थरूर के साथ विवाद में घिरने के बाद वह ऐसा नहीं कर रहे। मोदी ने अपना आखिरी ट्वीट 12 अप्रैल की शाम में किया था।
इसी तरह से थरूर का ट्वीट करना थम गया है। उन्होंने आखिरी बार 14 अप्रैल की सुबह में ट्विटर पर टिप्पणी की थी। वैसे वह अक्सर ट्वीट करने की वजह से विवादों से घिरते रहे हैं और शायद वह अब विवाद को नए सिरे से तूल नहीं देना चाहते। उल्लेखनीय है कि मोदी और थरूर ट्विटर पर एक दूसरे के 'फॉलोवर' हैं।
दोनों के बीच का यह पूरा विवाद पिछले दिनों उस समय खड़ा हुआ जब आईपीएल कमिश्नर मोदी ने कोच्चि फ्रेंचाइजी के सभी मालिकों के नाम ट्विटर पर सार्वजनिक कर दिए। इसमें एक नाम सुनंदा पुष्कर का भी था और इसी वजह से थरूर भी विवादों में आ गए। उल्लेखनीय है कि सुनंदा थरूर की करीबी दोस्त हैं और इसे वह खुद स्वीकार चुके हैं।
आरोप यह भी लगा कि कोच्चि टीम की फ्रेंचाइजी रेंदेवू स्पोर्ट्स को दिलाने में थरूर ने अपने रसूख का इस्तेमाल किया और इस बारे में उन्होंने मोदी को फोन भी किया था। थरूर ने इन बातों को सिरे से खारिज कर दिया और सीधे मोदी को कटघरे में खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि मोदी कोच्चि फ्रेंचाइजी को स्वीकृति नहीं देना चाहते थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।