यूरोप और लंदन जाने वाली उड़ानें रद्द (लीड-1)
एयर इंडिया के एक उच्च अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि उत्तरी यूरोप के कई शहरों में जाने और वहां से आने वाली उड़ानों का संचालन स्थगित कर दिया गया है।
गुरुवार को एयर इंडिया की दिल्ली-लंदन-टोरंटो और मुंबई-लंदन की उड़ान रद्द की गई थी।
एयर इंडिया की ओर से कहा गया है कि लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे पर कामकाज दोबारा शुरू होने पर उत्तरी यूरोप की ओर जाने वाली उड़ानें संचालित हो पाएंगी।
उत्तरी यूरोपीय देशों के लिए उड़ान सेवाएं देने वाली जेट एयरवेज और किंगफिशर एयरलाइंस जैसी निजी भारतीय विमानन कंपनियों ने भी लंदन जाने वाली और वहां से आने वाली उड़ाने रद्द कर दी हैं।
किंगफिशर एयरलाइंस ने शुक्रवार को लंदन जाने और वहां से आने वाली चार उड़ानें रद्द कर दी हैं।
किंगफिशर एयरलाइंस के कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस के उपाध्यक्ष प्रकाश मीरपुरी ने कहा, "ज्वालामुखी की राख की वजह से लंदन का हीथ्रो हवाई अड्डा बंद कर दिया गया है जिससे हमने वहां जाने वाली और वहां से आने वाली उड़ानों को रद्द कर दिया।"
रद्द हुई उड़ानों में आईटी-007 मुंबई से लंदन हीथ्रो, आईटी-008 लंदन हीथ्रो से मुंबई, आईटी-001 नई दिल्ली से लंदन हीथ्रो और आईटी-002 लंदन हीथ्रो से नई दिल्ली शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि ज्वालामुखी विस्फोट के बाद से पश्चिमी और उत्तरी यूरोप में बहुत सी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं जिससे लोग जहां-तहां हवाई अड्डों पर फंसे पड़े हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*