माइक्रोसॉफ़्ट का नया 'सोशल' फ़ोन

कंपनी का कहना है कि 'कीन' नामक ये फ़ोन ख़ासकर उन लोगों को ध्यान में रखकर बनाया गया जो सोशल नेटवर्किंग साइट फ़ेसबुक, ट्विटर और माईस्पेस से हमेशा जुड़े रहना चाहते हैं. यह फ़ोन हाईरिजुलूशन कैमरे से लेस है. साथ ही इस फ़ोन की पहुंच माइक्रोसोफ़्ट की ज़ुने म्यूज़िक तक होगी.
जानकारों की राय में माइक्रोसॉफ़्ट ने ये फ़ोन अपने प्रतिद्वंदि गूगल, एप्पल और ब्लैकबेरी को ध्यान में रखकर बाज़ार में उतारने का फ़ैसला किया है. इस फ़ोन को शार्प नामक कंपनी ने बनाया है, जो इस साल मई महीने में दो किस्म के हैंडसेटों में अमरीका के बाज़ारों में उपलब्ध होगा. ब्रिटेन में ये फ़ोन वोडाफ़ोन के नेटवर्क पर उपलब्ध होगा और ये इस साल सर्दियों में बाज़ार में आएगा.
अब तक इस फ़ोन की क़ीमत के बारे में जानकारी नहीं दी गई है. माइक्रोसॉफ़्ट के एंटरटेंमेंट और डिवाइस डिवीज़न के अध्यक्ष रोब्बी बाच का कहना है, "यह एक ऐसा फ़ोन है जो लोगों में आत्मीय भावना को जोड़ने का काम करेगा. साथ ही लोगों, तकनीक, दोस्तों और ग्राहकों के बीच संपर्कों को और अधिक मज़बूत करेगा."
फ़ोन का होम स्क्रीन हमेशा ऑन होगा जिससे टेक्सट मैसेज, ट्विटस मैसेज या तस्वीरों की जानकारी लगातार मिलती रहेगी. उद्योग जगत में अब इस बात की चर्चा है कि इस फ़ोन के माध्यम से माइक्रोसॉफ़्ट फ़ोन के बाज़ार में क्या कुछ कर पाने में कामयाब होता है, क्योंकि माइक्रोसॉफ़्ट अब तक इस बाज़ार में पीछे है.












Click it and Unblock the Notifications