हेडली मसले पर ओबामा का 'पूर्ण समर्थन'
वाशिंगटन, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भरोसा दिलाया है कि पाकिस्तानी मूल के आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली से पूछताछ के लिए भारत के आग्रह का वह 'पूरा समर्थन' करते हैं।
मनमोहन के साथ मुलाकात में ओबामा ने हेडली मसले पर सकारात्मक भरोसा दिलाया हालांकि उन्होंने इस बात के संकेत दिए कि कानूनी प्रक्रिया की वजह से पूछताछ में अभी वक्त लग सकता है। भारतीय विदेश सचिव निरुपमा राव ने रविवार को दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद संवाददाताओं को बताया, "हेडली से पूछताछ की हमारी मांग के प्रति अमेरिकी का रुख पूरी तरह सहयोगात्मक है। कानूनी प्रक्रिया के तहत अमेरिकी इस संबंध में कार्रवाई कर रहे हैं।"
ओबामा के साथ 50 मिनट तक चली मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री सिंह ने हेडली का मसला उठाया। दोनों नेताओं के बीच यहां के ब्लेयर हाउस में मुलाकात हुई।
उल्लेखनीय है कि हेडली मुंबई हमलों का प्रमुख आरोपी है और वह इस बारे में अपने गुनाह अमेरिकी अदालत के समक्ष स्वीकार कर चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications