'कराची प्रोजेक्ट' के बारे में हेडली से पूछताछ होगी : पिल्लई
पिल्लई ने आईएएनएस के साथ एक बातचीत में कहा, "हमें यह जानने में अधिक दिलचस्पी होगी कि हेडली ने भारत में लश्कर-ए-तैयबा के लिए किन-किन स्थलों का सर्वे किया था।"
पिल्लई ने कहा कि उनके पास कुछ ऐसे सुराग हैं जो लश्कर और इंडियन मुजाहिदीन के बीच संबंध स्थापित करते हैं। इंडियन मुजाहिदीन को 'कराची प्रोजेक्ट' की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। कराची प्रोजेक्ट के तहत देश के चुनिंदा शहरों में हमले की योजना थी। भारतीय खुफिया एजेंसियों ने इस साजिश का खुलासा किया था।
पिल्लई ने कहा कि सरकार के पास कुछ स्थानों के बारे में भी सुराग हैं, जो भारत में हेडली के जासूसी मिशन में शामिल थे।
पिल्लई ने कहा, "हेडली ने दिल्ली के राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय का, पुणे में कुछ स्थानों का, मुंबई स्थित शिव सेना भवन का, दिल्ली, पुष्कर, गोवा और मुंबई स्थित चाबाद हाउसों का दौरा किया था।"
पिल्लई ने आगे कहा, "हमें पता है कि हेडली ने लश्कर के लिए जो भी वीडियो तैयार किए थे, वे सभी पाकिस्तान में हैं। हो सकता है कि वे और हमले की योजना बना रहे हों। उससे पूछताछ हमें खुद की हिफाजत में मददगार होगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications