हिमाचल की पहाड़ियों पर भीषण गर्मी
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक गर्मी की यह स्थिति जारी रहेगी और वर्षा होने की संभावना बहुत कम है।
मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा, "इस महीने तापमान सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस ऊपर रहेगा।"
उन्होंने तापमान में वृद्धि के लिए दक्षिण पश्चिमी हवाओं को जिम्मेदार ठहराया है। सामान्य रूप से यहां पर उत्तर पश्चिम और पश्चिम की तरफ से ही हवाएं चलती हैं।
उन्होंने बताया कि पूरे राज्य में पिछले कुछ समय में कम वर्षा दर्ज की गई है। सामान्य रूप से वर्ष के इस समय राज्य में बारिश होती है या फिर बूंदा बांदी की वजह से मौसम ठंडा बना रहता है।
शिमला में रविवार को न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत तापमान से नौ डिग्री सेल्सियस ऊपर था।
मशहूर पर्यटन स्थलों नारकंडा, कुफरी, कसौली, मनाली, पालमपुर, चांबा और डलहौजी में भी मौसम में गर्मी महसूस की जा रही है।
केयलांग में भी तापमान में वृद्धि हुई है। रविवार को यहां का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सिस दर्ज किया गया था जो औसत से चार डिग्री उपर था।
सिंह के मुताबिक 23 मार्च को अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो वर्ष 2004 के बाद सबसे अधिक था। वर्ष 2004 में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री दर्ज किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications