दत्तक पुत्र को वापस भेजना अमानवीय : मेदवेदेव
मॉस्को, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। रूस के राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव ने कहा है कि एक गोद लिए बच्चे को वापस रूस भेजने वाले अमेरिकी युगल ने एक भयानक कृत्य किया है।
मेदवेदेव ने शुक्रवार को कहा, "बच्चे को गोद लेने वाले माता-पिता द्वारा उसे हवाईजहाज से वापस भेजना एक भयानक कृत्य है। यह न केवल अनैतिक कृत्य है बल्कि कानून के खिलाफ भी है।"
एक अमेरिकी युगल ने छह महीने पहले आठ वर्षीय आर्तीयोम सेवीलयेव को गोद लिया था। गोद लेने के बाद उन्होंने उसका नया नाम जस्टिन रख दिया था। यह बच्चा आठ अप्रैल को अमेरिका से मास्को आने वाले विमान में अकेले सवार होकर यहां पहुंचा था। वह अपने साथ एक पत्र लाया था जिसमें उसके दत्तक अभिभावकों ने कहा था कि जस्टिन की मानसिक हालत अस्थिर होने की वजह से वे उसकी देखभाल नहीं कर सकतें।
सेवीलयेव को गोद लेने वाली टॉरी हेंसन ने पत्र में लिखा था, "बच्चा मानसिक तौर पर अस्थिर है। वह हिंसक है और उसके साथ कई मनोवैज्ञानिक परेशानियां हैं।" हेंसर टेनेसी के शेल्वीविली में रहती हैं।
वह कहती हैं, "मुझसे झूठ बोला गया था और रूसी अनाथालय के लोगों ने बच्चे की मानसिक स्थिति के संबंध में मुझे गुमराह किया था।"
इस बीच विदेश मंत्री सर्गेई लेवरोव ने शुक्रवार को कहा कि जब तक दोनों देशों के बीच बच्चों को गोद लेने के संबंध में एक अंतर्सरकारी करार नहीं होता तब तक अमेरिकी नागरिकों के रूस से बच्चे गोद लेने पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।