सानिया-शोएब का निकाह स्थगित (लीड-2)
हैदराबाद, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक के निकाह में विवादों का दौर थमता नहीं दिख रहा है। अब शोएब मलिक के पास पासपोर्ट न होने की वजह से शुक्रवार को होने वाले निकाह को स्थगित कर दिया गया है।
विदेशी नागरिकों के निकाह के लिए जरूरी है कि उनका पासपोर्ट उनके पास हो। लेकिन शोएब के खिलाफ आयशा सिद्दीकी परिवार द्वारा आपराधिक मामला दर्ज किए जाने के बाद पुलिस ने उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया था जो अभी तक शोएब को मिल नहीं पाया है।
इसे देखते हुए काजी ने निकाह संपन्न करवाने में असमर्थता जाहिर की। इसके बाद दोनों परिवारों के पास शादी को स्थगित करने के सिवा कोई चारा नहीं बचा।
सानिया के पिता इमरान मिर्जा ने शोएब के पासपोर्ट हासिल करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने कहा कि पासपोर्ट अदालत में जमा है जिसे कुछ औपचारिकताओं के बाद ही हासिल किया जा सकता है।
इससे पहले यह निकाह शुक्रवार शाम को होना निर्धारित था। निकाह सानिया के जुबली हिल्स स्थित आवास पर संपन्न होना था। इस दौरान सानिया के माता-पिता, शोएब की मां और दोनों के नजदीकी रिश्तेदार मौजूद रहने वाले थे।
वक्फ बोर्ड की एक इकाई 'कजात' के एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया कि निकाहनामा में इस बात का स्पष्ट तौर पर उल्लेख होगा कि यह शोएब मलिक की दूसरी शादी होगी।
शुक्रवार दिन में काजी अजमतुल्लाह ने संवाददाताओं से कहा कि सानिया और शोएब का निकाह मगरिब की नमाज (शाम की नमाज) के बाद होगा। निकाह कराने वाले काजी निकाहनामे में सभी विवरण दर्ज करेंगे।
इससे पहले सच से भाग रहे शोएब बुधवार को मान गए कि हैदराबाद की युवती आयशा से उनका निकाह हुआ था। उन्होंने तलाक देकर आयशा से अपने रिश्तों की सच्चाई स्वीकार की थी। तलाक के एवज में आयशा के परिवार वाले शोएब के खिलाफ दर्ज कराए मामले वापस लेने पर राजी हो गए।
उल्लेखनीय है कि आयशा ने शोएब के खिलाफ रविवार शाम बंजारा हिल्स थाने में धोखाधड़ी और उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था।
इसके बाद पुलिस ने सोमवार सुबह हैदराबाद में सानिया के घर शोएब से लगभग दो घंटे तक पूछताछ की थी और फिर उनका पासपोर्ट भी जब्त कर लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications