परमाणु सुरक्षा पर ठोस कार्रवाई चाहते हैं ओबामा
वाशिंगटन, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा अगले सप्ताह होने वाली परमाणु सुरक्षा शिखर बैठक के दौरान विभिन्न देशों से आग्रह करेंगे कि वे परमाणु सामग्री को आतंकवादियों की पहुंच से दूर रखना सुनिश्चित करें।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार ओबामा के सलाहकारों का कहना है कि राष्ट्रपति परमाणु सुरक्षा के लिए एक कार्य योजना विकसित करना चाहते हैं। व्हाइट हाउस के परमाणु अप्रसार मामले के वरिष्ठ सलाहकार गैरी सैमोर ने कहा, "परमाणु आतंकवाद बेहद गंभीर खतरा है।"
अमेरिका के उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बेन रोडेस ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा आयोजित इस बैठक में सभी प्रमुख देशों के राष्ट्राध्यक्ष शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा, "परमाणु सुरक्षा पर पहले इस तरह की व्यापक बहस नहीं हुई। ऐसा पहली बार होने जा रहा है।"
उल्लेखनीय है कि परमाणु सुरक्षा शिखर बैठक सोमवार से आरंभ हो रही है। इसमें कुल 47 राष्ट्राध्यक्ष हिस्सा ले रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications