पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना
चार महानगरों दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में अधिकातम तापमान क्रमश: 40.1, 34, 40 और 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जाहिर की है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा के अधिकतर हिस्सों में प्रचंड रूप से गर्मी पड़ रही है, वहीं राजस्थान, विदर्भ और हरियाणा के कुछ भागों में गर्म हवाओं का चलना जारी है।
पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान औसत से चार से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश, विदर्भ, और उड़ीसा में भी अधिकतम तापमान औसत से ऊपर रहा।
उधर, देश के बाकी हिस्सों मसलन कोंकण, असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में तापमान सामान्य रहा, जबकि उड़ीसा के झारसुगुडा जिले में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा।
आईएमडी ने अगले 48 घंटों में पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जाहिर की है, इससे दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिल सकती है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड में भी बारिश होने की उम्मीद जताई गई है।
मौसम विभाग ने भारत के उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी हिस्सों में तापमान में कमी आने की बात कही है। इसके अलावा देश के बाकी क्षेत्रों में मौसम की मौजूदा स्थिति में कोई बदलाव न आने की आशंका जाहिर की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सíवस।












Click it and Unblock the Notifications