बैंकाक में झड़पों में 135 घायल (लीड-1)
बैंकाक, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। थाईलैंड की राजधानी बैंकाक में शनिवार दोपहर विरोधी प्रदर्शनकारियों 'रेड शर्ट' और सुरक्षा बलों के बीच हुईं झड़पों में अब तक 135 लोगों के घायल होने की सूचना है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार बैंकाक के आपात चिकित्सा सेवा केंद्र के एक चिकित्सक ने बताया कि घायलों में 41 सैनिक और तीन पुलिसकर्मी शामिल हैं।
बैंकाक के कई हिस्सों में रेड शर्ट प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच शनिवार को झड़पें होने से तनाव काफी बढ़ गया। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों ने रबर की गोलियों और आंसू गैस के साथ ही पानी की तेज बौछारों का उपयोग किया।
सेना के प्रवक्ता सेनसर्न काएवकमानेर्ड ने टेलीविजन पर एक सीधे प्रसारण में कहा कि कुछ रेड शर्ट प्रदर्शनकारी बंदूकों और विस्फोटकों से लैस थे और झड़पों में दो सैनिकों को गोली लगी है।
अनुमान के अनुसार शनिवार को पूरे बैंकाक में करीब 8,500 प्रदर्शनकारी थे।
इससे पहले थाईलैंड में कार्यवाहक सरकार के प्रवक्ता पनिथन वट्टानायागोर्न ने शनिवार को राष्ट्रीय चैनल से कहा कि सरकार अब 'रेड शर्ट' प्रदर्शनकारियों द्वारा कब्जाए गए स्थानों को दोबारा नियंत्रण में लेने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि अब सेना ने पिट्सानुलोक रोड पर नियंत्रण कर लिया है। इस मार्ग पर सरकारी कार्यालय स्थित हैं।
रेड शर्ट के एक प्रमुख रैली स्थल फान फाह ब्रिज पर सेना अभी भी तैनात है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications