हरियाणा के गृह मंत्री को बर्खास्त करने की मांग
इनेलो के प्रमुख और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला और अन्य विधायकों ने शनिवार को राज्यपाल जगन्नाथ पहाड़िया से मुलाकात की और कांडा को पद से हटाए जाने की मांग से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा।
कांडा को सिरसा में इनेलो के प्रदर्शनकारियों को अपशब्द कहते हुए और पुलिस कर्मियों को उन पर गोलीबारी और लाठीचार्ज करने का निर्देश देते हुए कैमरे में कैद कर लिया गया था।
चौटाला ने राज भवन के सामने संवाददाताओं को बताया, "राज्यपाल ने हमारी मांग को ध्यान से सुना और हमें उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। हमने उन्हें लैपटाप पर एक सीडी चला कर दिखाई। उस सीडी में कांडा इनेलो कार्यकर्ताओं को गाली दे रहे हैं और उन पर हमले कर रहे हैं। वह पुलिस को निर्देश दे रहे हैं कि इनेलो कार्यकर्ताओं पर गोलीबारी शुरू कर दो।"
चौटाला ने कहा, "हमने कांडा के खिलाफ सबूत के रूप में सीडी और अखबारों की कतरनें राज्यपाल को सौंप दी है। इस तरह के गुस्सैल लोग लोकतंत्र के लिए उपयुक्त नहीं हैं और वह तो राज्य में एक महत्वपूर्ण विभाग के मंत्री हैं। हम मंत्रिमंडल से उनकी तत्काल बर्खास्तगी की मांग करते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications