नक्सल अभियान की सफलता में लगेंगे 2-3 साल : चिदंबरम (लीड-2)
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में मंगलवार के नक्सली हमले के बावजूद नक्सलियों के खिलाफ सेना का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। इस हमले में 76 जवान शहीद हो गए थे।
शहीद सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि देने जगदलपुर पहुंचे चिदंबरम ने बुधवार को संवादाताओं से कहा,"हम नक्सलियों को किसी भी सूरत में कामयाब होने की इजाजत नहीं देंगे।"
उन्होंने कहा, "हमें शांति बनाए रखनी चाहिए और खुद पर नियंत्रण रखना चाहिए। इसमें कामयाबी मिलने में दो से तीन साल का समय लग सकता है।" उन्होंने नक्सलियों से ताजा वार्ता की किसी भी संभावना को खारिज कर दिया।
उन्होंने दंतेवाड़ा में हमले को 'हिंसा की बर्बर कार्रवाई' करार देते हुए कहा कि ज्यादातर जवानों की मौत आईईडी विस्फोट की वजह से हुई। कुछ जवानों की मौत गोलियां लगने से हुई।
नक्सलियों के खिलाफ सेना का इस्तेमाल किए जाने के सवाल पर गृह मंत्री ने कहा, "नहीं, हम सेना का इस्तेमाल नहीं करेंगे। नक्सलियों का मुकाबला पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवान ही करेंगे।" उन्होंने कहा कि नक्सलियों को किसी भी सूरत में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।
गौरतलब है कि मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में नक्सलियों ने दंतेवाड़ा जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 80 से अधिक जवानों पर गोलीबारी की थी। यह अब तक सबसे बड़ा नक्सली हमला था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications