हैदराबाद के दंगाग्रस्त इलाकों में कर्फ्यू जारी
जुमे की नमाज के दौरान गड़बड़ी की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने सभी 25 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू में ढील न देने का फैसला किया है। पुलिस ने लोगों से अपने-अपने घरों में ही नमाज पढ़ने का अनुरोध किया है।
पुलिस आयुक्त ए. के. खान ने संवाददाताओं को बताया कि गुरुवार को 17 थानाक्षेत्रों में कर्फ्यू में दो घंटे की ढील दी गई थी। शुक्रवार को कर्फ्यू में कोई ढील नहीं दी जाएगी।
इस्लामिक युनिवर्सिटी जामिया निजामिया के प्रमुख मुफ्ती खलील अहमद ने शुक्रवार को कहा कि शुक्रवार को जुमे की नमाज मस्जिद में पढ़ना उस समय अनिवार्य है, जब वे बिना किसी रुकावट और बिना जिंदगियों को खतरे में डाले संभव हो सके।
आंध्र प्रदेश की गृहमंत्री पी. सबिता इंद्रा रेड्डी ने इससे पहले संकेत दिया था कि नमाज के लिए कर्फ्यू में ढील दी जा सकती है लेकिन मुख्यमंत्री के. रोसैया और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कल रात बैठक में स्थिति की समीक्षा करने के लिए बाद उन्होंने कर्फ्यू में ढील देने से इंकार कर दिया।
हैदराबाद तथा अदीलाबाद, महबूबनगर और निजामाबाद जैसे जिलों के सभी धार्मिक स्थलों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने जुमे की नमाज के दौरान शांति सुनिश्चित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त सुरक्षा बल मुहैया कराने का निर्देश दिया है।
इसबीच शहर के किसी भी हिस्से से मंगलवार रात के बाद से किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। गृहमंत्री ने स्पष्ट किया है कि सामान्य स्थिति बहाल होने तक कर्फ्यू जारी रहेगा।
पिछले सप्ताह धार्मिक ध्वजों की वजह से शुरू हुए विवाद के बाद भड़की हिंसा में अब तक दो व्यक्तियों की जान जा चुकी है और 150 से ज्यादा घायल हुए हैं।
पुलिस ने हिंसा की घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। दंगों के 67 मामलों के सिलसिले में अब तक 200 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications