राजस्थान में विधायकों और मंत्रियों के वेतन बढ़े
गौरतलब है कि आर्थिक हालात खराब होने के कारण राज्य सरकार ने चार माह पहले ही राज्य में सरकारी खचरे में भारी कटौती लागू की थी जो अभी जारी है। मजेदार यह कि तमाम विधेयकों पर भारी हंगामा और लम्बी चर्चा करने वाले पक्ष विपक्ष के सदस्यों ने इस विधेयक को बिना किसी चर्चा के चंद मिनटों में ही ध्वनिमत से पारित कर दिया।
विधेयक के अनुसार विधासभा सदस्य, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सरकारी मुख्य सचेतक, सरकारी उप मुख्य सचेतक, नेता प्रतिपक्ष, मुख्यमंत्री, राज्यमंत्री एवं संसदीय सचिवों के वेतन में समान रूप से पांच हजार रुपये प्रति माह की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही दैनिक भत्ते में भी समान रूप से 300 रुपये प्रति माह की बढ़ोत्तरी की गई है।
वेतन एवं भत्तों में वृद्घि के साथ ही विधायकों की अन्य सुविधाओं में भी वृद्घि की गई है। विधानसभा सदस्यों का वेतन पांच हजार से बढ़ाकर दस हजार रुपये प्रति माह तथा निर्वाचन क्षेत्र भत्ता बीस हजार से बढ़ाकर तीस हजार रुपये प्रतिमाह किया गया। यह वृद्घि एक अगस्त 2009 से लागू होगी।
इसी तरह प्रति कलेण्डर वर्ष में रेल यात्रा की राशि 75 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये प्रति वित्तीय वर्ष (सहयात्री) तक की गई है। वर्तमान में लागू कूपन भत्ते पद्घति को बंद किया जा रहा है। साथ ही पुनर्भरण के पश्चात शेष राशि अगले वित्त वर्ष में भी उपयोग की जा सकेगी। यह बढ़ोत्तरी एक अप्रेल 2010 से प्रभावी होगी।
विधानसभा अध्यक्ष का वेतन 18 हजार रुपये से बढ़ाकर 23 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। इसी प्रकार उपाध्यक्ष का वेतन 16 हजार से बढ़ाकर 21 हजार, सरकारी मुख्य सचेतक का वेतन 17 हजार रुपये से बढ़ाकर 22 हजार रुपये, सरकारी उप मुख्य सचेतक का वेतन 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 20 हजार तथा नेता प्रतिपक्ष का वेतन 17 हजार से बढ़ाकर 22 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया हैं। यह वृद्घि एक अगस्त 2009 से लागू होगी।
मुख्यमंत्री, मंत्रिगण एवं राज्यमंत्री गणों के वेतन में 5 हजार रुपये प्रतिमाह की वृद्घि के अलावा सुविधाओं में भी वृद्घि की गई है। मुख्यमंत्री का वेतन 25 हजार रुपये, मंत्रिगणों का वेतन 22 हजार रुपये तथा राज्य मंत्रियों का वेतन 20 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। मुख्यमंत्री के सत्कार भत्ते को बढ़ाकर 25 हजार रुपये तथा मंत्रिगण एवं राज्य मंत्रियों के सत्कार भत्ते को 20 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications