कई राष्ट्रीय उद्यानों की हालत पन्ना और सरिस्का जैसी : जयराम रमेश
भोपाल स्थित भारतीय वन प्रबंधन संस्थान के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने आए जयराम रमेश ने शुक्रवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा, "देश में बाघ संरक्षित 39 राष्ट्रीय उद्यान हैं जिनमें से नौ की हालात ठीक है जबकि12 उद्यानों में सुधार की जरूरत है। शेष उद्यानों की हालत अच्छी नहीं है।"
बाघों की घटती संख्या के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसकी वजह सभी जानते हैं। खदान एवं भू-माफियाओं की गतिविधियां ही इन हालातों के लिए जिम्मेदार हैं। पन्ना राष्ट्रीय उद्यान से बाघों के गायब होने की सीबीआई से जांच कराने की मध्य प्रदेश के वन मंत्री की मांग पर जयराम रमेश ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गठित समिति की रिपोर्ट का उन्हें इंतजार है। उसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यह जरूरी नहीं है कि यह जांच सीबीआई को सौंपी जाए।
टाइगर कॉरीडोर से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग से होने वाले संभावित नुकसान के सवाल पर जयराम रमेश ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित 98 प्रतिशत मामलों को निपटा लिया गया है और जो शेष रह गए हैं उन्हें जल्दी निपटा लिया जाएगा। इसके बावजूद ऐसे मार्गो की अनुमति नहीं दी जाएगी जिससे टाइगर कारीडोर व घने जंगलों को नुकसान होने की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications