हैदराबाद में कर्फ्यू जारी, जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न (लीड-1)
जुमे की नमाज के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए थे लेकिन कर्फ्यू में कोई ढील नहीं दी गई। मुसलमानों ने अपने घरों या पड़ोस की मस्जिदों में नमाज अदा की।
पुलिस ने मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लीमीन (एमआईएम)सहित कुछ नेताओं समेत 200 से ज्यादा लोगों को ऐतिहासिक मक्का मस्जिद में नमाज की इजाजत दी। आम तौर पर यहां हर शुक्रवार हजारों मुसलमान एकत्र होते हैं।
मुस्लिम बहुल पुराने शहर के भीतरी हिस्सों में दर्जनों मस्जिदों में नमाज अदा की गई हालांकि संवेदनशील इलाकों में लोगों ने घरों में रहकर ही नमाज अदा करने को तरजीह दी।
इससे पहले जामिया निजामिया ने शुक्रवार को फतवा जारी कर कहा कि कर्फ्यू वाले इलाकों के मुसलमानों के लिए जुमे की नमाज अदा करना अनिवार्य नहीं है। जामिया निजामिया के प्रमुख मुफ्ती खलील अहमद ने कहा कि शुक्रवार को जुमे की नमाज मस्जिद में अदा करना केवल उसी समय अनिवार्य है, जब वे बिना किसी रुकावट और जिंदगियों को खतरे में डाले बिना संभव हो सके।
पुलिस ने भी लोगों से अपने-अपने घरों में ही नमाज अदा करने का अनुरोध किया। शांति बनाए रखने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने कड़ी सतर्कता बरती।
जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हो जाने के बाद चिंतामुक्त दिखाई दे रहे पुलिस आयुक्त ए. के. खान ने संवाददाताओं को बताया कि शनिवार को ज्यादा अवधि के लिए कर्फ्यू में ढील दी जाएगी। उन्होंने कहा, "हम अलग-अलग समय में दक्षिण और पश्चिम क्षेत्रों में कर्फ्यू में ढील देंगे।"
गुरुवार को 17 थानाक्षेत्रों में कर्फ्यू में दो घंटे की ढील दी गई थी। शुक्रवार को कर्फ्यू में कोई ढील नहीं दी जाएगी।
खान ने कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि स्थिति शांतिपूर्ण रहेगी ताकि कर्फ्यू हटाया जा सके।"
प्रदेश की गृहमंत्री पी. सबिता इंद्रा रेड्डी ने इससे पहले संकेत दिया था कि नमाज के लिए कर्फ्यू में ढील दी जा सकती है लेकिन मुख्यमंत्री के. रोसैया और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कल रात की बैठक में स्थिति की समीक्षा करने के लिए बाद उन्होंने कर्फ्यू में ढील देने से इंकार कर दिया।
हैदराबाद तथा अदीलाबाद, महबूबनगर और निजामाबाद जैसे जिलों के सभी धार्मिक स्थलों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
इस बीच शहर के किसी भी हिस्से से मंगलवार रात के बाद से किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। गृहमंत्री ने स्पष्ट किया है कि सामान्य स्थिति बहाल होने तक कर्फ्यू जारी रहेगा।
पिछले सप्ताह धार्मिक ध्वजों की वजह से शुरू हुए विवाद के बाद भड़की हिंसा में अब तक दो व्यक्तियों की जान जा चुकी है और 150 से ज्यादा घायल हुए हैं।
पुलिस ने हिंसा की घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। दंगों के 67 मामलों के सिलसिले में अब तक 200 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications