एक ऐसा ताजमहल जिसे आप खा सकते हैं!
नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। यदि आप मुमताज और शाहजहां के प्रेम की निशानी ताजमहल का स्वाद लेना चाहते हैं, तो अब ऐसा संभव है। चौंकिए मत! क्योंकि यह ताजमहल और कुछ नहीं बल्कि सफेद चॉकलेट से बनी उसकी प्रतिकृति है।
ताजमहल की चॉकलेट से बनी प्रतिकृति का अनावरण करते हुए चॉकलेट निर्माता एडिलबर्ट बुचर ने गुरुवार को आईएएनएस से कहा, "ताजमहल किसी परिचय का मोहताज नहीं है। इसके बारे में सभी जानते हैं। इसलिए जब मैं किसी ऐतिहासिक इमारत की चॉकलेट प्रतिकृति बनाने का निर्णय ले रहा था तो ताजमहल इसके लिए एकदम सही था।"
'लिंड्ट स्विस चॉकलेट्स' ने यह प्रतिकृति बनाई है। यह एक मीटर ऊंची और एक -एक मीटर चौड़ी प्रतिकृति है। बुचर को पूरी आकृति बनाने में तीन दिन और इस विचार को हकीकत में बदलने में एक महीने का समय लगा।
बुचर ने अब तक आगरा स्थित ताजमहल का भ्रमण नहीं किया है। इस प्रतिकृति को बनाने के लिए उन्होंने गूगल की मदद ली थी।
बुचर ने मुंबई के बांद्री-वर्ली सी लिंक की भी प्रतिकृति बनाई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications