पुणे में विवाहित महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म
पुलिस के मुताबिक पीड़िता शहर के उपनगरीय इलाके हिनजेवाडी में पिछले एक पखवाड़े से किराये पर अकेली रह रही थी।
हिनजेवाडी पुलिस स्टेशन के अपराध शाखा के निरीक्षक एन.एस.भोसले पाटिल ने आईएएनएस को बताया, "वह विवाहित है और पति अमेरिका में काम करता है। अस्पताल प्रशासन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद वह नागपुर से यहां नौकरी की तलाश में आई थी। इसके लिए उसने कई जगह साक्षात्कार भी दिया था।"
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरुवार की शाम वह अपने घर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी तभी इंडिका कार (नंबर एमएच-14-एवी-3015) वहां आई और उसमें सवार व्यक्तियों ने उसको लिफ्ट देने के लिए कहा।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपी उक्त महिला को किसी अज्ञात स्थान पर ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। शुक्रवार की सुबह उसे अकेला पाए जाने पर कुछ लोंगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। महिला का बयान दर्ज कर उसे वाई.वी. चव्हाण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है जिनकी पहचान 26 वर्षीय गणेश उत्तम कांबले और 25 वर्षीय रंजीत शाह जी गाडे के रूप में की गई है। दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। तीसरा अभियुक्त सुभाष भोसले फरार चल रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications