नक्सल प्रभावित जिलों में पुलिसकर्मियों की बीमा राशि बढ़ी
पटना, 31 मार्च (आईएएनएस)। बिहार सरकार ने नक्सलवाद प्रभावित जिलों में तैनात पुलिसकर्मियों की बीमा राशि में वृद्धि करने का निर्णय लिया है। राज्य के 15 नक्सल प्रभावित जिलों में तैनात पुलिसकर्मियों में से प्रत्येक का अब 13 लाख 75 हजार रुपये का बीमा कराने का निर्णय लिया गया है।
राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बुधवार को बताया कि इससे नक्सल प्रभावित जिलों में तैनात जवानों का मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इन 15 जिलों में तैनात जवानों की किसी हादसे में मौत के बाद उनके परिजनों को 13.75 लाख रुपये के अतिरिक्त पूर्व की तरह 10 लाख रुपये का अनग्रह अनुदान दिया जाएगा।
गौरतलब है कि पूर्व में बीमा की राशि 10 लाख रुपये थी। नीलमणि के मुताबिक इन 15 जिलों में राज्य के नक्सल प्रभावित पटना, नालंदा, गया, नवादा, जहांनाबाद, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, भभुआ, भोजपुर, सीतामढ़ी, मोतिहारी, बेतिया, मुंगेर और जमुई शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications