ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल टली
नई दिल्ली, 31 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री कमलनाथ के आश्वासन के बाद ट्रक ऑपरेटरों की पांच अप्रैल से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल टल गई है। कमलनाथ ने ऑपरेटरों से राष्ट्रीय परमिट के लिए एक मिश्रित कर व्यवस्था लागू करने का वादा किया है।
हाल ही में ईंधन कीमतों में वृद्धि और ट्रक परिवहन उद्योग को प्रभावित करने वाले अन्य मुद्दों को लेकर ट्रक ऑपरेटरों ने हड़ताल करने का निर्णय लिया था।
कमलनाथ ने एक पत्र लिखकर आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (एआईएमटीसी) के अध्यक्ष जी. आर. शानमुगप्पा से कहा, "मंत्रालय एक मई से राष्ट्रीय परमिट के लिए एक मिश्रित कर व्यवस्था (15,000 रुपये वार्षिक प्रति ट्रक) लागू करने का पूरा प्रयास करेगी। मौजूदा समय में यह प्रति ट्रक एक लाख रुपये सालाना है।"
कमलनाथ ने कहा कि कई पहिए वाले लंबे वाहनों पर लेवी से संबंधित मुद्दा सरकार के पास विचाराधीन है।
उन्होंने कहा कि आयात टायरों पर एंटी डंपिंग शुल्क की समाप्ति संबंधी मुद्दे को पहले ही वाणिज्य मंत्रालय के समक्ष रखा जा चुका है।
कमलनाथ ने ट्रक ऑपरेटरों को यह भी आश्वासन दिया कि मंत्रालय हर महीने परिवहन संबंधी मुद्दों पर एआईएमटीसी के साथ एक बैठक आयोजित करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications