यौन उत्पीड़न मामलों में जामिया के 3 छात्र निष्कासित (लीड-1)
शोध छात्र ने महिला प्रोफेसर को कथित रूप से एसएमएस भेजा था। इन सभी मामलों में विश्वविद्यालय ने तीन छात्रों को निष्कासित कर दिया। विश्वविद्यालय ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि यौन उत्पीड़न के तीन मामलों में तीन छात्रों को दोषी पाए जाने के बाद निष्कासित कर दिया गया।
इससे पहले विश्वविद्यालय की प्रवक्ता सिमी मल्होत्रा ने आईएएनएस से कहा, "गत दो हफ्तों में हमें यौन उत्पीड़न की तीन शिकायतें मिली, जिसमें छात्र द्वारा प्रोफेसर को एसएमएस भेजने की भी एक घटना है। हमने सभी शिकायतों को गंभीरता से लिया है और छात्रों के खिलाफ कड़ा कदम उठाया गया है।"
गुरुवार को विश्वविद्यालय के एक छात्र के खिलाफ महिला प्रोफेसर ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि छात्र उन्हें दो महीने से एसएमएस भेजकर तंग कर रहा है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने छात्र को गिरफ्तार किया था लेकिन बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। सोमवार को प्रोफेसर ने फिर पुलिस से संपर्क किया और कहा कि छात्र उन्हें अभी भी एसएमएस भेज रहा है। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मल्होत्रा ने कहा कि प्रोफेसर ने पुलिस के अलावा विश्वविद्यालय प्रशासन से भी शिकायत की थी। उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर छात्र को निलंबित कर दिया गया है।
हाल ही में विश्वविद्यालय में यौन उत्पीड़न पर आयोजित एक सेमिनार में प्रोफेसरों से स्वीकार किया कि यद्यपि जामिया यौन उत्पीड़न के मामलों की जांच के लिए प्रतिबद्ध है लेकिन इसके लिए अभी कोई नीति नहीं है।
इसके विपरीत जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय और दिल्ली विश्वविद्यालय ने परिसर में यौन उत्पीड़न पर एक ठोस नीति को लागू किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications