रामनवमी पर दिल्ली में निकली शोभायात्रा
शोभायात्रा में विभिन्न स्वरूपों की 201 झांकिया एवं भजन मंडलियों ने हिस्सा लिया। झांकियों में सर्वप्रथम हनुमान ध्वज के साथ खुली जीप में विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी भगवा साफा बांधे चल रहे थे और उसके पीछे विभिन्न रूपों की सुंदर झाकियां चल रही थीं।
राजधानी की सबसे बड़ी शोभायात्रा का शुभारंभ महापौर डॉ. कंवर सेन ने संतों के साथ भगवा झंडा दिखाकर किया। इस अवसर पर कंवर सेन ने कहा, "भारत एक आध्यात्मिक राष्ट्र है। भगवान श्रीराम का जीवन पूरे विश्व के मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा तथा आज भी उनके आदर्श जीवन के हर क्षेत्र में प्रेरणा देकर विश्व कल्याण हेतु हमें अग्रसर कर रहे हैं।"
इन्द्रप्रस्थ विश्व हिन्दू परिषद के संरक्षक ओमप्रकाश सिंहल, रिखब चन्द्र जैन, अध्यक्ष स्वदेश पाल, महामंत्री सत्येन्द्र मोहन, हिन्दू पर्व समन्वय समिति के अध्यक्ष पूज्य स्वामी राघवानन्द जी महाराज और बजरंग दल दिल्ली के सह संयोजक शैलेन्द्र जायसवाल सहित अनेक संस्थाओं के पदाधिकारियों ने भगवान श्रीराम पर प्रकाश डाला।
भव्य शोभायात्रा में इन्द्रप्रस्थ विश्व हिन्दू परिषद्, हिन्दू पर्व समन्वय समिति, सनातन धर्म प्रतिनिधि सभा, सनातन धर्म महासभा, इन्द्रप्रस्थ सनातन धर्म परिषद्, आर्य समाज, जैन समाज, बाल्मीकि समाज, रविदास समाज, बौद्ध समाज सहित विभिन्न मन्दिरों की झांकियों के साथ इन संस्थाओं के पदाधिकारी सम्मिलित थे।
शोभायात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर आसफ अली रोड, दरियागंज, चांदनी चौक, टाऊन हाल, खारी बावली, सदर बाजार, पहाड़ी धीरज, एम़ एम़ रोड, मॉडल बस्ती आदि क्षेत्रों में यात्रा का भव्य स्वागत हुआ। यात्रा दोपहर 2़ 30 बजे रामलीला मैदान से प्रारम्भ होकर शाम 7़ 00 बजे गंगेश्वर धाम, करोल बाग में सम्पन्न हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।