हेडली से पूछताछ अमेरिकी कानूनों के तहत : वकील
शिकागो, 24 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई पर आतंकवादी हमले के आरोपी डेविड कोलमैन हेडली के वकील ने कहा कि हेडली से भारतीय जांचकर्ताओं की पूछताछ निर्धारित कानूनों के अनुसार होनी चाहिए।
हेडली के वकील जॉन थेइस ने आईएएनएस से कहा, "पूछताछ सरकार द्वारा तय तरीके से होगी लेकिन हम पूछताछ के दौरान उपस्थित रहने पर जोर देंगे।"
उन्होंने कहा कि यह पूछताछ बयान, वीडियो कांफ्रेंसिंग या अनुरोध पत्र के माध्यम से हो सकती है। बहरहाल अमेरिकी सरकार भारतीय जांचकर्ताओं से चर्चा के बाद ही अंतिम निर्णय लेगी।
यह पूछे जाने पर कि क्या भारतीय जांचकर्ताओं को हेडली से आमने-सामने पूछताछ की इजाजत होगी, थेइस ने कहा कि इसका फैसला सरकार करेगी। इस मामले में भ्रम या अस्पष्टता इसलिए है क्योंकि हेडली अमेरिकी कैद में है और इसमें सैन्य मामले भी जुड़े हैं।
थेइस ने कहा कि किसी भी पूछताछ का निर्णय मौजूदा कानूनों के अनुसार प्रासंगिकता के हिसाब से किया जाएगा लेकिन भारतीय जांचकर्ताओं को एक बार पूछताछ की अनुमति मिलने के बाद वे ही जांच के तरीके पर फैसला करेंगे।
हेडली के अमेरिकी 'ड्रग इंफोर्समेंट एजेंसी' (डीईए) या किसी खुफिया संस्था के डबल एजेंट होने के बारे में थेइस ने कहा, "इसका कोई प्रमाण नहीं है। किसी ने भी मुझे इस संबंध में मुझे कोई प्रमाण नहीं दिखाया है। अटकलों के आधार पर ब्लॉगर ऐसा लिख रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि ब्लॉगरों ने पहले हेडली को चार संगठनों का एजेंट बताया और बाद में उसे डबल एजेंट कहा जाने लगा।
थेइस ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई निश्चित सूचना नहीं है कि भारतीय जांचकर्ता हेडली से पूछताछ के लिए शीघ्र आने वाले हैं या नहीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications