बीना में सुरक्षाकर्मियों ने गोली चलाई, 4 मजदूर घायल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को मजदूरों के प्रवेश को लेकर सुरक्षाकर्मियों से विवाद हो गया। मजदूरों के उग्र होते देख सुरक्षाकर्मियों ने गोली चला दी। इस गोलीबारी में दुर्गा प्रसाद, आजाद पटेल, ओमप्रकाश गुप्ता व महेंद्र पाल घायल हुए हैं। उपचार के लिए इन्हें सागर के जिला चिकित्सालय मे भर्ती कराया गया है।
इस गोलीबारी के बीच मजदूरों का गुस्सा और भड़क उठा तथा मजदूरों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। वाहनों में भी आग लगा दी। भारी संख्या में बीना तेलशोधक कारखाने पहुंचे पुलिस बल ने किसी तरह हालात को संभाला।
सागर के पुलिस अधीक्षक वी. के. सूर्यवंशी ने आईएएनएस को बताया कि हालात अब नियंत्रण में है। एक सुरक्षाकर्मी की 12 बोर की बंदूक से निकले छर्रो से चार मजदूर घायल हुए हैं।
ज्ञात हो कि बीना में ही लगभग ढाई माह पहले भी निर्माणाधीन एक अन्य संयंत्र में मजदूर आंदोलन के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने गोलीबारी की थी, जिसमें एक मजदूर की जान चली गई थी और कई लोग घायल हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications