अमेरिकी कांग्रेस में ओबामा की जीत, स्वास्थ्य विधेयक पारित (लीड-3)
वाशिंगटन, 22 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका में ऐतिहासिक स्वास्थ्य सुधार विधेयक को लेकर लंबे समय से अड़े राष्ट्रपति बराक ओबामा को आखिरकार हाऊस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स में वह जीत मिल ही गई जिसके लिए वह पुरजोर कोशिश कर रहे थे। सदन ने इस विधेयक को पारित कर दिया है।
इस विधेयक का पारित होना राष्ट्रपति ओबामा की एक बड़ी राजनीतिक जीत है। हाऊस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स में इस विधेयक को 212 के मुकाबले 219 मतों से पारित किया गया। 875 अरब डॉलर के प्रावधान वाले इस विधेयक को सीनेट की मंजूरी पहले ही मिल गई थी।
ओबामा के एजेंडे में यह विधेयक सबसे ऊपर था और इसको पारित कराने के लिए वह पुरजोर कोशिश कर रहे थे। उन्हें सिर्फ विपक्षी रिपब्लिकन का नहीं बल्कि अपने कुछ साथियों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। यह मतदान में भी साफ जाहिर हो गया। इस विधेयक का विरोध करने वाले 212 सदस्यों में ओबामा की पार्टी के 34 सदस्य भी थे।
विधेयक को सामाजिक सुधार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम के रूप में देखा जा रहा है। इसके पारित होने के बाद प्रसन्न ओबामा ने कहा, "यह सरल मतदान नहीं रहा लेकिन एक सही मतदान जरूर रहा।" उन्होंने कहा कि यह एक राजनीतिक दल की नहीं बल्कि सभी अमेरिकियों की जीत है।
ओबामा ने कहा कि यह विधेयक स्वास्थ्य सेवा की दिशा में बिल्कुल कोई गलत कदम नहीं है बल्कि यह एक सही दिशा की ओर ले जाने वाला कदम जरूर है।
अब इस विधेयक पर ओबामा की दस्तखत इसे कानून का शक्ल दे देगी। वरिष्ठ डेमोक्रेट जेम्स ई. क्लाबर्न ने कहा, "यह 21वीं सदी का नागरिक अधिकार अधिनियम है।"
रिपब्लिकन पॉल डी. रयान ने इस विधेयक को लेकर अपनी नाखुशी जाहिर की तो उनकी साथी वर्जीनिया फॉक्स ने कहा, "अमेरिकी इतिहास में सोशल इंजीनियरिंग कानून का यह सबसे आक्रामक नमूना है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications