अपोलो की दो वर्षो में 32 नए अस्पताल खोलने की योजना
हैदराबाद, 18 मार्च (आईएएनएस)। देश का मशहूर निजी अस्पताल अपोलो अगले दो वर्षो के भीतर देश में 32 नए अस्पताल खोलेगा।
अपोलो के अध्यक्ष प्रताप सी. रेड्डी ने संवाददाताओं से कहा कि 11 अस्पताल अगले वित्त वर्ष (2010-11) में खुल जाएंगे जबकि 20 अन्य की स्थापना वित्त वर्ष 2011-12 के दौरान की जाएगी।
अपोलो का 52वां अस्पताल इस साल अप्रैल में सिकंदराबाद में खुलेगा।
रेड्डी ने कहा, "बिस्तरों की हमारी मौजूदा क्षमता 8,800 है और जल्द ही हम इसे बढ़ाकर 9000 करने जा रहे हैं। वित्त वर्ष 2009-10 के दौरान हमने अपने बिस्तरों की क्षमता में 2,000 का इजाफा किया जिसके लिए 2000 करोड़ रुपये का निवेश किया गया।"
उन्होंने आधुनिक सुविधाओं वाले तीन कैंसर अस्पतालों को शुरू करने की घोषणा भी की। पहला अस्पताल यहां 20 मार्च से काम करना शुरू देगा जिसमें नोवालिस टीएक्स तकनीक से कैंसर का इलाज हो सकेगा। इसी तरह के एक अस्पताल का उद्घाटन 23 मार्च को कोलकाता में होगा और तीसरा कैंसर अस्पताल दिल्ली में खोला जाएगा।
हैदराबाद के 100 बिस्तरों वाले कैंसर अस्पताल के निर्माण में 100 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है जबकि कोलकाता के अस्पताल में 80 करोड़ रुपये लगे।
रेड्डी ने कहा कि बाजार की हालत को देखते हुए अपोलो ने निर्णय लिया था कि जुलाई तक विदेश में विस्तार कार्यक्रम के लिए निवेश नहीं किया जाएगा हालांकि पहले हम विदेश में अपना विस्तार करने के प्रयास कर रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications