चव्हाण ने बॉलीवुड से कहा, केवल एक ही सेंसर होगा
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि फिल्मों और मनोरंजन के लिए केवल सेंसर बोर्ड ही काम करे।
चव्हाण ने पिछले महीने शाहरुख की फिल्म 'माई नेम इज खान' के प्रदर्शन पर हुए विवाद का हवाला देते हुए कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि फिल्मों के प्रदर्शन को लेकर कोई बाहरी विरोध न हो और लोगों के अपनी पसंद की फिल्में देखने के अधिकार की रक्षा हो सके।
चव्हाण ने यहां त्रिदिवसीय मीडिया कार्यक्रम 'फ्रेम्स-2010' का शुभारंभ करने के बाद अपने वक्तव्य में यह बात कही। भारतीय वाणिज्य मंडलों के संघ (फिक्की) ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया है।
चव्हाण ने शिव सेना का नाम लिए बिना कहा, "जब चीजें बिगड़ने लगे तब संविधान की गरिमा को बचाए रखना और लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारी की रक्षा करना सरकार और लोगों का कर्तव्य हो जाता है।" गौरतलब है कि पिछले महीने शिव सेना ने शाहरुख की फिल्म के प्रदर्शन को लेकर हंगामा किया था।
शिव सेना ने राज्यभर में फिल्म के प्रदर्शन का हिंसक विरोध किया था और सेना कार्यकर्ताओं ने सिनेमाघरों में तोड़फोड़ भी की थी। यद्यपि लोगों ने भारी विरोध के बावजूद यह फिल्म देखी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications